वाराणसी: स्वामी विवेकानंद लॉ कॉलेज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालय परिसर में “अभिमुखीकरण कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विधि के विद्यार्थियों को विधिक सेवा तंत्र, न्याय तक पहुंच के अधिकार तथा सामाजिक न्याय से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट वक्ताओं ने विद्यार्थियों को विधिक सहायता योजनाओं, लोक अदालत, निःशुल्क विधिक सेवाओं तथा समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों के संरक्षण में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को विधिक जागरूकता अभियान में सक्रिय सहभागिता हेतु प्रेरित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, अधिवक्ता, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न कानूनी विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तारपूर्वक उत्तर दिया गया। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यावसायिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उन्हें न्याय व्यवस्था की व्यावहारिक समझ प्रदान करते हैं।